मोबाइल फोन चोर गैंग का एसपी ने खुलासा किया।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। स्वाट और कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम ने बुधवार को तितौवा चौराहा स्टेशन रोड से मोबाइल चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से चोरी के 17 मोबाइल सेट बरामद हुए। गिरोह के सदस्य रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में मोबाइल सेट चुराते थे और फिर उसे औने-पौने दामों में बेचकर अपना शौक पूरा करते थे।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप सिंह और तितौवा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र यादव ने सूचना के आधार पर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान आकाश चौरसिया पुत्र विनोद चौरसिया निवासी स्टेशन रोड खलीलाबाद और सूरज उर्फ करिया प्रजापति पुत्र दिलीप प्रजापति निवासी पाली थाना सहजनवां जिला गोरखपुर के रूप में हुई। इन लोगों के पास से अलग-अलग कंपनियों के स्मार्ट और फीचर मोबाइल सेट बरामद हुए।
बरामद मोबाइल की कीमत 1.25 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि रेलवे स्टेशन, ट्रेन और भीड़भाड़ वाली जगहों से मोबाइल चोरी करते हैं। बरामद मोबाइल को इन लोगों ने गोंडा, गोरखपुर, बस्ती और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन व विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों से चुराए थे।
दोनों ने पुलिस को बताया कि चुराने के बाद स्मार्ट फोन को एक से तीन हजार रुपये में तथा फीचर मोबाइल फोन को 200 से 500 रुपये बेच देते थे। वे चोरी के मोबाइल बेचने की ही फिराक में थे कि पकड़ लिए गए।
एसपी ने बताया कि चोरी के बरामद मोबाइल के संबंध में गोरखपुर, बस्ती और गोंडा जीआरपी थानों में केस दर्ज होने की सूचना मिली है। जानकारी जुटाई जा रही है। पकड़े गए लोगों ने कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उस पर पुलिस टीम आगे भी कार्रवाई करेगी। पकड़े गए लोगों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जेल भेज दिया गया।