सीडब्ल्यूसी ने एआरटीओ, कॉलेज व पुलिस से मांगा जवाब
मामले का स्वत: लिया संज्ञान, स्कूल प्रबंधन की लापरवाही मानी
एक दिसंबर को सभी से अपना पक्ष रखने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मेंहदावल क्षेत्र में 14 नवंबर को अपने ही स्कूल बस की चपेट में आने से कक्षा एक में पढ़ने वाली छात्रा की मौत के मामले में बाल कल्याण समिति ने एआरटीओ, स्कूल प्रबंधन व बाल कल्याण अधिकारी मेंहदावल को नोटिस भेजा है। समिति इस मामले में एक दिसंबर को सुनवाई करेगी।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के खजुरा गांव निवासी बबलू दूबे की छह वर्षीय बेटी समीक्षा दूबे पार्वती पब्लिक स्कूल सोनौरा में कक्षा एक की छात्रा थी। 14 नवंबर की सुबह स्कूल आने के लिए वह गांव के मोड़ पर खड़ी थी। बस पर चढ़ते वक्त चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। इससे समीक्षा की बस के पहियों से दबकर मौत हो गई। समाचार पत्रों ने इस हादसे की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय व सदस्य सत्य प्रकाश टीटू ने बताया कि समाचार पत्रों में छपी खबर का उन लोगों ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एआरटीओ, प्रधानाचार्य/प्रबंधक पार्वती कन्या इंटर कॉलेज/पार्वती पब्लिक स्कूल सोनौरा से बस का संपूर्ण विवरण, चालक व परिचालक का सत्यापन रिपोर्ट तथा एसओ मेंहदावल/बाल कल्याण अधिकारी मेंहदावल को इस प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई की आख्या देने को कहा है। अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया जो मामला सामने आया है, उसमें स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। इस मामले में एक दिसंबर को सुनवाई होनी है। सभी की रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।