दुधारा क्षेत्र के बीएमसीटी मार्ग के दरियाबाग के पास हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
लोहरौली/ सेमरियावां(संतकबीरनगर)। कन्नौज जिले के बारातियों को लेकर महराजगंज जा रहा पिकअप बुधवार की सुबह करीब छह बजे दुधारा थाना क्षेत्र में पलट गया। इस हादसे में एक बाराती की मौत हो गई तथा नौ लोग घायल हो गए। पिकअप में कुल 14 लोग सवार थे। तीन घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरसहायगंज जिला कन्नौज निवासी रामकिशोर गुप्ता के बेटे पप्पू गुप्ता की शादी महाराजगंज जनपद निवासी विनोद कुमार की बेटी से बुधवार को थी। दो इनोवा और एक पिकअप में सवार होकर 24 बाराती मंगलवार की रात में करीब नौ बजे कन्नौज से महाराजगंज जिले के लिए निकले थे। सुबह में करीब छह बजे पिकअप दुधारा थाना क्षेत्र मूड़ाडीहा बेग के आगे बीएमसीटी मार्ग स्थित दरियाबाद के पास पहुंची थी कि ड्राइवर को झपकी आ गई। जिसकी वजह से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के बगल में गड्ढे में जाकर पलट गई। पिकअप में 14 लोग सवार थे। दुर्घटना में वीर सिंह निवासी भैंसियापुर थाना गुरसहायगंज कन्नौज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बबलू गुप्ता पुत्र रामकिशन 30, बिरजू पुत्र जगदीश 35, रमन पुत्र श्री कृष्ण 65, सोनू गुप्ता पुत्र जय करन गुप्ता 28, जगदीश पुत्र बब्लू 50, लक्ष्मी नारायण पुत्र राम प्रकाश 40, संदीप गुप्ता पुत्र राम दास गुप्ता 40, आदेश पुत्र मानिक चंद 50, वीरेंद्र 40 घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने बबलू गुप्ता, बिरजू और रमन की हालत काफी गंभीर देख कर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। दुधारा एसओ आरके गौतम ने बताया कि वीर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज सीएचसी सेमरियावां और जिला अस्पताल में चल रहा है।