मगहर। कोतवाली खलीलाबाद के मगहर चौकी अंतर्गत फरेंदिया गांव में बृहस्पतिवार की रात एक विवाहिता ने घर के छत में लगे पंखे में फंदे से लटकर अपनी जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरेंदिया निवासी हीरालाल मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते है। बृहस्पतिवार की सुबह रोज की तरह वह मजदूरी करने चले गए थे। उनके घर पर पत्नी सरिता (28) के अलावा दो मासूम बच्चे शुभम व आदिति मौजूद थे। हीरालाल ने बताया कि करीब 10 बजे वह जब मजदूरी करके घर लौटे तो देखा कि घर के एक कमरे की छत पर लगे पंखे में फंदा लगाकर उनकी पत्नी लटक रही थी। इसके बाद उन्होंने पत्नी को पंखे से उतार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां देखते ही चिकित्सकों ने सरिता को मृत घोषित कर दिया। किसी ने इसकी सूचना सरिता के धनघटा थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी गांव में मायके वालों को दे दी। सूचना पर मायके वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। चौकी इंचार्ज मगहर राममिलन यादव ने बताया कि जिला अस्पताल के वॉर्ड ब्वाय की सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।