कांटे (संतकबीरनगर)। खलीलाबाद- चुरेब रेलवे स्टेशन के बीच जोरवा रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक के किनारे झाड़ी में शनिवार को एक किशोर का शव मिला। किशोर का गला सूजा और मुंह व सिर में चोट के निशान थे। शव की स्थिति हत्या की तरफ साफ संकेत कर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
जोरवा क्रासिंग के पास डाउन पटरी के किनारे झाड़ी में एक किशोर का शव देख कर लोगों ने गेटमैन को सूचना दी। जोरवा गेटमैन महेंद्र सिह ने बताया कि वह नित्य कर्म के लिए जा रहे थे, उसी दौरान किशोर का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना वह तत्काल खलीलाबाद स्टेशन मास्टर को दिए। इधर सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को किशोर के पास से आधार कार्ड ,मोबाइल और देहरादून से गोरखपुर तक का रेलवे का जनरल टिकट मिला। किशोर का गला सूजा था, चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे। इसके अलावा शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं दिखाई दिए। इसकी वजह से लोग किशोर की हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिए जाने की चर्चा कर रहे थे। एसआई कैलाश यादव ने बताया कि जो आधार कार्ड मिला है उसमें छोटू कुमार पुत्र विश्वनाथ पटेल निवासी बलुआ भवानी राय जोगापट्टी पश्चिम चंपारण बिहार और उम्र 14 वर्ष लिखा है। उसके पास से देहरादून से गोरखपुर तक रेलवे का जनरल टिकट भी मिला है। युवक की पहचान कराए जाने की कोशिश की जा रही है। वैसे प्रथम दृष्टया ट्रेन से गिर कर मौत होने की बात जांच में सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।