पिकअप की टक्कर में बाइक सवार महिला की मौत
बाइक से देवरिया से रूधौली जा रहे थे मां-बेटे
बखिरा क्षेत्र के सुरसा चमनजोत जंगल के पास हुई घटना
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
बेलहर। बखिरा क्षेत्र के सुरसा चमनजोत जंगल के पास सोमवार सुबह पिकअप की टक्कर से बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। बेटा घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देवरिया जिले के कुसमहां फतेहपुर निवासी अजय सिंह बाइक से रूधौली स्थित शुगर मिल जा रहे थे। बाइक पर 57 वर्षीय मां इंद्रवती देवी भी बैठी थीं। अभी वह बखिरा क्षेत्र के सुरसा चमनजोत जंगल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर बैठी इंद्रावती देवी सड़क पर गिर गईं। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि अजय सिंह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद भी तीन घंटे तक पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। इसके बाद दुर्गजोत चौकी प्रभारी एसके सिंह पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने पुलिस की इस लापरवाही पर विरोध जताया। महिला की मौत से परिजन काफी गमगीन थे।