हादसे में सिपाही की मौत
धनघटा क्षेत्र के लोहरैया पास हुई घटना
गोरखपुर के बांसगांव का रहने वाला था सिपाही देवव्रत
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के लोहरैया गांव के पास रविवार रात एक अनियंत्रित बाइक दीवार में टकरा गई। बाइक पर सवार एक सिपाही की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची लोहरैया चौकी पुलिस ने सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर जनपद के बांसगांव क्षेत्र के जिगिना भियांव निवासी देवव्रत (32) यूपी-100 में बतौर सिपाही तैनात थे। रविवार की रात वह बाइक से बांसगांव से बस्ती जिले में ड्यूटी पर जा रहे थे। धनघटा क्षेत्र के लोहरैया गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पहले दीवार से टकरा गई। इसके बाद सड़क के किनारे खड़ी पिकअप से भिड़ गई। बाइक सवार सिपाही देवव्रत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे लोहरैया चौकी इंचार्ज ने घायल सिपाही को एंबुलेंस से सीएचसी मलौली ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही के मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग सीएचसी पहुंचे। देवव्रत की मौत से पत्नी दीपिका का रो- रोकर बुरा हाल था। देवव्रत की डेढ़ साल की बेटी डिंपल भी है। परिवार के लोग गमगीन थे।