संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के कोडरा निवासी धर्मेंद्र कुमार के खाते से किसी ने शनिवार की सुबह 20-20 हजार रुपये दो बार में एटीएम से निकाल लिए। पीड़ित ने इस बात की शिकायत भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा खलीलाबाद में की है।
पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उसका बचत खाता भारतीय स्टेट बैंक खलीलाबाद में है। उन्होंने बताया कि एक जून की सुबह 7:21 बजे किसी ने लखनऊ में भारतीय स्टेट बैंक के निकट एक अस्पताल के समीप 20-20 हजार रुपये दो बार में एटीएम कैश के माध्यम से निकाल लिया। जबकि एटीएम पीड़ित के पास में ही है। पीड़ित ने शाखा प्रबंधक से मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।