बखिरा। क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को गांव का ही एक युवक अपने साथ कहीं लेकर चला गया है। इस घटना में युवक के परिजन भी शामिल बताए जा रहे हैं। मुकामी पुलिस ने किशोरी के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक और उसके माता-पिता व निकट गांव के दो अन्य लोगों पर अपहरण, साजिश रचने, मारने-पीटने व जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लापता किशोरी के पिता के अनुसार गांव का ही एक युवक और उसकी मां ने साजिश रचकर बीते 26 मई की भोर में उनकी नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर घर से गायब कर दिए। नींद खुलने पर घर में लड़की नहीं मिली तो आसपास खोजबीन की गई। तब पता चला कि लड़की को आरोपी अपने साथ कहीं ले गया है। घर से एक लाख अट्ठावन हजार नकदी भी गायब है। एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक, उसके माता-पिता और दो अन्य लोगों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।