धनघटा। बस्ती महुली मार्ग पर महुली थाना क्षेत्र के लुतुही गांव के समीप दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। बाइक सवार दो अन्य घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बस्ती भेज दिया गया।
बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड़ गांव निवासी 28 वर्षीय वीरेन्द्र कुमार पुत्र राम ललित राजमिस्त्री को महुली छोड़ कर बाइक से शाम करीब चार बजे वापस लौट रहे थे। उसी समय दूसरी बाइक पर अपने साथियों के साथ रामजी 20 वर्ष पुत्र राम गोपाल निवासी भदासी थाना हर्रैया व सूरज 18 वर्ष पुत्र लक्ष्मण निवासी कैथवलिया, अजय कुमार पुत्र रामबचन निवासी भदासी एक बाइक पर सवार होकर महुली थाना क्षेत्र के गजाधरपुर गांव जा रहे थे। देईसांड़ से करीब एक किमी आगे निकले ही थे कि महुली थाना क्षेत्र के लुतुही गांव के पास पहुंचते ही दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों बाइकों पर सवार लोग गिर गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल बाइक सवारों को बस्ती जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने हरैया थाना क्षेत्र के भदासी गांव निवासी अजय कुमार पुत्र राम बचन तथा देईसांड़ निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र राम ललित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामजी और सूरज का इलाज जिला अस्पताल बस्ती में चल रहा है।