बखिरा। क्षेत्र के बेलहर कलां निवासी एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मृत दिखाकर उसकी संपत्ति को अभिलेख में कूटरचित द्वारा पट्टीदारों ने अपने नाम करा लिया। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने पर बुजुर्ग ने कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर बखिरा पुलिस ने पूर्व व वर्तमान ग्राम विकास अधिकारी समेत बुजुर्ग के पट्टीदारों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित से संपत्ति हड़पना समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुका देवी उर्फ सुखराजी पत्नी देवता का आरोप है कि पूर्व व वर्तमान ग्राम पंचायत अधिकारी की मिलीभगत से उसके पट्टीदारों ने धोखाधड़ी करते हुए उसे अभिलेखों में मृतक दिखाते हुए उसकी सारी जमीन व जायदाद अपने नाम करवा लिया। विगत वर्ष दिसंबर माह में उसे पट्टीदारों के उक्त धोखाधड़ी के बारे में जानकारी हुई कि अभिलेख में छेड़छाड़ करके कूटरचित व फरेब करके उसे मृत दिखाया गया है। इसकी शिकायत करने पर पट्टीदारों ने उसे धमकी दिया कि उन्हें जो करना था कर दिया। बुजुर्ग महिला ने बताया की वह चलने फिरने में असमर्थ है। अभियुक्तों पर कार्रवाई करने के लिए बुजुर्ग महिला ने बखिरा पुलिस व एसपी से शिकायत किया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। एसओ सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर चंद्रबली, महेंद्रनाथ, धर्मेंद्र नाथ समेत तत्कालीन व वर्तमान ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।