सेमरियावां (संतकबीरनगर)। बीएमसीटी मार्ग पर एएच एग्री इंटर कॉलेज दुधारा के पास बृहस्पतिवार सुबह धर्मसिंहवा से लखनऊ जा रही प्राइवेट बस आगे चल रही ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार सभी 17 यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया। इलाज के बाद 16 लोगों को घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। हादसा ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने की वजह से हुआ। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बस के खलासी रामचंद्र और सभाजीत ने बताया कि बस धर्मसिंहवा बाजार से सुबह साढ़े पांच बजे लखनऊ जा रही थी। यात्री कुर्बान अली, अरुण सिंह, महेंद्र सिंह ने बताया कि बस एएच एग्री इंटर कॉलेज दुधारा से करीब 50 मीटर आगे बढ़ गई थी तभी आगे जा रहा ट्रक बिजली के तार में फंस गया। तार टूटने पर ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही बस ट्रक से टकरा गई, जिससे बस में बैठे यात्री आगे की सीट से टकराकर घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को सीएचसी सेमरियावां पहुंचाया। सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद अहमद, सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, फिरोज अहमद, रफी अहमद, मास्टर मुनीर आलम, समेत काफी लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सड़क पर टूट कर गिरे तार और दुर्घटना की सूचना बिजली निगम को दी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। बस शनिचरा बाजार धनघटा निवासी आशुतोष की है, जो शिवम बस सर्विसेज के नाम से धर्मसिंहवा से लखनऊ के बीच चलती है।
ये लोग हुए घायल
सीएचसी प्रभारी जगदीश पटेल ने बताया कि दुर्घटना में कमलावती निवासी कवलपुर, शिवम राय निवासी डबरा, अरुण सिंह, पूनम सिंह निवासी चौरही, सुधीर निवासी कर्मा, कुर्बान निवासी प्रतिभा, अत्ताउल्लाह निवासी नंदौर, लीलावती निवासी तरैना, राजेश कुमार, खलासी सभाजीत निवासी धनघटा, सुधीर कुमार निवासी कर्मा बाबू, रामचंद्र खलासी निवासी धनघटा, महेंद्र सिंह, शांति निवासी धर्मसिंहवा, जन्नतुन निशा निवासी कुसुरु, मुबारक हुसैन और वीरबली निवासी गण कुसमा को चोटें आई हैं। इनमें कमलावती की नाक में गंभीर चोट लगी है। उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। अन्य 16 लोगों को जरूरी इलाज के बाद घर भेज दिया गया।