संतकबीरनगर। सांथा ब्लॉक के स्कूल में मंगलवार को ग्राम प्रधान और हेडमास्टर के बीच हुए विवाद में कार्रवाई नहीं होने व एसओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए बुधवार को शिक्षकों व कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
मंगलवार को सांथा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कोइलभार में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और हेडमास्टर में एमडीएम के कन्वर्जन कास्ट की बात को लेकर विवाद हो गया था। हेडमास्टर का आरोप है कि उसकी स्कूल परिसर में ही पिटाई की गई। बुधवार को इस मामले में पीड़ित शिक्षक के साथ कई अन्य शिक्षक बखिरा थाने में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे। एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों का आरोप था कि एसओ बखिरा मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी करने लगे। शिक्षकों ने एसओ पर दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, पंचायतीराज सफाई कर्मचारी संघ, जूनियर शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, अटेवा, विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन समेत कई संगठनों के पदाधिकारी एसपी आफिस पहुंचे और एसओ के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की। बाद में शिक्षकों ने बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह से भी मुलाकात की। शिक्षकों ने बीएसए से इस मामले में कार्रवाई के लिए डीएम व एसपी को पत्र लिखने का आग्रह किया। इस दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शक्ति विकास उपाध्याय, अशोक कुमार गुप्त, मारकंडेय राय, दिनेश कुमार चौहान, परमहंस गौतम, भूपेंद्र प्रताप सिंह, केशरीलाल, हरिकिशोर सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, दिनेश कुमार शुक्ल, नवीन त्रिपाठी, पंकज चौधरी, अरविंद यादव, दयाशंकर सिंह, संदीप त्रिपाठी, विपिन शुक्ल, इस्माइल, अरशद, राजेंद्र चौधरी, आरिफ जमाल समेत कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।