तीन अलग-अलग मामलों में चल रहे थे वांछित
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। मेंहदावल में भाजपा के युवा सम्मेलन में हंगामा के आरोपी और आचार संहिता समेत मारपीट के तीन अलग-अलग मामले में वांछित चल रहे ब्लॉक प्रमुख सेमरियावां को सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर प्रमुख को जेल भेज दिया।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि दुधारा थाना क्षेत्र के सुकरौली निवासी व ब्लॉक प्रमुख सेमरियावां मुमताज अहमद के खिलाफ दो माह पहले मारपीट का मामला दुधारा थाने पर दर्ज हुआ था। इसके साथ ही उनके ऊपर आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का दो केस दर्ज थे। एक अप्रैल को बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के शहर के एक होटल में 25-30 गाड़ियों के काफिला के साथ पहुंचकर एक होटल में जाकर चुनावी मीटिंग की गई थी। जिसके संबंध में कोतवाली पुलिस में आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज था। 13 अप्रैल को मेंहदावल क्षेत्र के जगतगुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज में भाजपा लोकसभा विजय लक्ष्य युवा सम्मेलन के कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी कर, कुर्सिया फेंक कर तोड़फोड़ कर अराजकता का माहौल उत्पन्न किया गया था। उसमें भी ब्लॉक प्रमुख वांछित थे। पुलिस लगातार उन पर निगरानी रख रही थी। उनकी हरकतों को देखते हुए उनकी गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। सोमवार को ब्लॉक प्रमुख किसी काम से कोतवाली गेट के सामने खड़े थे। वहीं से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख को जेल भेज दिया गया है।