सांथा (संतकबीरनगर)। बखिरा क्षेत्र के राजेडीहा बाजार मोड़ के पास गुरुवार को दुर्गा प्रतिमा लदी ट्रैक्टर ट्राली पर बैठा एक युवक झटके से सड़क पर गिरा और पहिए के नीचे दब कर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद में मौजूद लोग सहम गए। बाद में युवक के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
नवरात्र पर्व पर क्षेत्र के धौरहरा गांव दुर्गा प्रतिमा स्थापित होती हैे। गुरुवार को गांव के युवकों की टोली मेंहदावल से दुर्गा प्रतिमा खरीद कर ट्रैक्टर ट्राली से गांव ले जा रहे थे । धौरहरा गांव निवासी 25 वर्षीय अजय पुत्र पूर्णमासी भी साथियों के साथ दुर्गा प्रतिमा लाने गया था। जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली अचानक ट्रैकटर ट्राली राजेडीहा बाजार के मोड़ पर पहुंची,वैसे ही झटके की वजह से अजय नीचे गिर कर पहिए के नीचे दब गया। घटना के बाद साथ मे मौजूद युवक हड़बड़ा गए और उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश करते कि ,तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर अजय के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देख कर पिता पूर्णमासी बदहवाश हो गए। माता संगीता और भाई का रो -रो कर बुराहाल था। परिजन यही कह रहे थे कि यदि पता होता तो बेटे को मूर्ति लेने के लिए नहीं जाने देते।
इधर घटना को लेकर गांव में मातम छा गया। गांव वालों ने बताया कि अजय दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। अजय होनहार युवक था । खेती किसानी में पिता का हाथ बटाता था। उसकी मौत से घर वालों को काफी दुख पहुंचा है। घटना की सूचना पाते ही मौके पर एसओ बखिरा रामभवन यादव ,चौकी इंचार्ज ध्रुव नरायन सिंह पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया ।