बखिरा। क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी एक युवक की गेहुडीला गांव के निकट सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। बखिरा पुलिस ने दो दिन के भीतर घटना का पर्दाफाश करते हुए सड़क हादसे को प्रेम प्रसंग का कारण बताया। पुलिस ने घटना में शामिल दो लोगों पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित चंद्रिका पुत्र बृजमोहन ने बताया कि उसका बेटा गांधी उर्फ विकास गांव के ही एक युवक की पत्नी को चार माह पूर्व लेकर कहीं चला गया था। इसी बात की रंजिश में आरोपी युवक उसके बेटे से रंजिश रखने लगा। 24 जनवरी को बेटा गांधी उर्फ विकास कुछ सामान लेने बखिरा कस्बे में बाइक से जा रहा था। उसी दौरान जान लेने की नीयत से आरोपी युवकों ने कार से बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बेटा गांधी बखिरा-सहजनवां मार्ग पर घेंचुआ-गेहुडीला मोड़ पर काफी देर तक तड़पता रहा, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद वाहन समेत फरार हो गए। घायल युवक को मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर मेंहदावल सीएचसी भेजा, लेकिन सीएचसी पहुंचने से पूर्व रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का है। एक्सीडेंट के मामले को तरमीम करते हुए आरोपी संगत व मोती के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी शीघ्र ही पकड़ लिए जाएंगे।