तीन दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से निकाल लिए थे ढाई लाख
मदारपुर गांव निवासी मुशीर अहमद ने बैंक मैनेजर व एसओ को दिया था शिकायती पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
सेमरियावां। पिछले महीने एटीएम बूथों पर गश्ती बढ़ाने व कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये उड़ाने वाले गिरोह को पकड़ने का दावा किए जाने के बावजूद इस तरह की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। दुधारा थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से एक सप्ताह में 26 बार रकम की निकासी की गई। पीड़ित ने बैंक प्रबंधन व दुधारा पुलिस को इसकी तहरीर भी दी लेकिन तीन दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्राम मदारपुर निवासी मुशीर अहमद खान ने सेमरियावां स्थित स्टेट बैंक में बचत खाता खेला है। बीते 28 सितंबर को एटीएम से रुपये निकालने गया था। एटीएम प्रयोग करने में समस्या होने पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मदद की। उस वक्त मुशीर ने तीन बार में 40 हजार रुपये निकाला। खाते में 2 लाख 16 हजार145 रुपये शेष बचे थे। चार अक्तूबर को सऊदी अरब से उसके एक दोस्त ने 37 हजार 563 रुपये इसी खाते में भेजा। पांच अक्तूबर को जब वह रुपये निकलने गया तो उसका एटीएम कार्ड काम नहीं कर रहा था। बैंक में खाता चेक करने पर जानकारी हुई कि उसके खाते से 29 सितंबर से 4 अक्तूबर के बीच अलग-अलग एटीएम बूथ से 26 बार में 2 लाख 53 हजार 499 रुपये निकाल लिए गए हैं। खाते में सिर्फ 209 रुपये ही बचे हैं। इसके बाद मुशीर ने बैंक मैनेजर के अलावा दुधारा पुलिस को भी तहरीर दी। परंतु अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि पिछले महीने में ही एसपी ने दावा किया था कि एटीएम कार्ड बदलने वाले जालसाजों का गिरोह पकड़ा गया है। इसके बाद भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। पुलिस कोई कार्रवाई भी नहीं कर रही है।
इस संबंध में एसओ दुधारा करुणाकर पांडेय ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।