एसएसटी व एंटी वेहिकल थेफ्ट टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। एसएसटी व एंटी वेहिकल थेफ्ट टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से पांच बाइक भी बरामद किया गया है। पकड़े गए चोरों पर विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। यह जानकारी एसपी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में दी।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि चार सितंबर को सुबह आठ बजे एंटी वेहिकल थेफ्ट टीम के प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार यादव और एसएसटी के प्रभारी उप निरीक्षक राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से बढ़याठाठर मेंहदावल निवासी अमित निषाद और उसी गांव के रविंद्र यादव को एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर डीघा बाईपास से भी चोरी की चार बाइक बरामद की गईं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए चोरों ने बताया कि वे लोग जेब खर्चे एवं भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए बाइक चोरी करने लगे। इनका संगठित गिरोह है। इनके कब्जे से बरामद एक बाइक 10 दिन पहले गोरखपुर रेलवे स्टेशन से चुराई गई थी। अन्य वाहन विभिन्न स्थानों से चुराए गए हैं।
एसपी ने बताया कि अमित निषाद के खिलाफ जीआरपी बस्ती और संतकबीरनगर में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रविंद्र यादव पर मेंहदावल और खलीलाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों बाइक लिफ्टर को जेल भेज दिया गया है।