मेंहदावल। परिषदीय स्कूलों में इस समय गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। 20 मई से स्कूल बंद हैं और 15 जून तक बंद रहेंगे। 16 जून को सत्र का पहला दिन होगा। स्कूलों में छात्र-छात्राओं का स्वागत तो होगा ही, शैक्षिक सत्र से परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से तीन तक के बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित आकलन करने हेतु ही निपुण तालिका तैयार करना अनिवार्य कर दिया गया है।
बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया निपुण भारत मिशन के अंतर्गत लागू की जा रही यह व्यवस्था बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण रहेगा। निपुण तालिका के माध्यम से शिक्षकों को प्रत्येक छात्र के सीखने की शैक्षणिक प्रगति का रिकॉर्ड तैयार करना होगा। इसमें पढ़ना और लिखना, समझना तथा गणितीय दक्षताओं से संबंधित सभी बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कौन से छात्र निर्धारित दक्षताओं को प्राप्त कर चुके हैं और किन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता है।