- बिना हेलमेट बाइक चला रहे 2615 पर यातायात माह में हुई कार्रवाई, तेज रफ्तार के कारण हो रहे जानलेवा हादसे फिर भी नहीं ले रहे सीख
- यातायात माह में नियमों के उल्लंघन पर 5260 पर कार्रवाई
- 54 लाख 79 हजार रुपये वसूला गया जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। बिना हेलमेट बाइक चलाने, सीट बेल्ट न लगाने और गाड़ी चलाते समय फोन पर बात करने जैसी लापरवाही पर कार्रवाई भी हो रही है। इसके बाद भी तेज रफ्तार का चस्का ऐसा है कि लोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए खतरा मोल ले रहे हैं और दूसरों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। यातायात माह में ढाई हजार से ज्यादा लोगों का चालान हुआ इसके बाद भी बाइक सवार बिना हेलमेट फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं।
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने के लिहाज से एक से 30 नवंबर तक यातायात माह चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की। शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही स्कूलों में भी छात्रों को नियमों की जानकारी दी गई।
इसके बाद भी लोग धड़ल्ले से नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं। बाइक पर धड़ल्ले से लोग तीन लोग सफर करते नजर आ रहे हैं। नतीजा यह है कि आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। यातायात नियमों की अनदेखी जानलेवा साबित हो रही है। 30 दिन तक चले अभियान में यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर 5260 वाहन चालकों से 54 लाख 79 हजार रुपये जुर्माना वसूला। पसीने से कमाई रकम जुर्माने में गंवाने के बाद भी लोग सजगता नहीं बरत रहे हैं और जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।
यातायात माह में हुई कार्रवाई
बिना हेलमेट 2615
बिना सीट बेल्ट 174
तीन सवारी 300
नियम का उल्लंघन 400
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने पर 16
क्षतिग्रस्त नंबर प्लेट पर 30
बिना डीएल वाहन चलाने पर 392
प्रेशर हॉर्न लगाने पर 58
नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 867
अन्य धाराओं में कार्रवाई 408
वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें तो खुद तो हादसों से बचेंगे ही, अन्य लोग भी सुरक्षित रहेंगे। 30 नवंबर तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में 5260 वाहनों का चालान किया गया और 54 लाख 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यातायात पुलिस की तरफ से दुर्घटना रोकने के लिए भी ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- अजीत चौहान,
सीओ सिटी/ यातायात