- धर्मसिंहवा चौराहे पर खड़े होकर दे रहा था नगर पंचायत के लोगों को गालियां
- पीआरवी कर्मी पहुंचे तो उनसे भी करने लगा मारपीट
संतकबीरनगर। जिले के धर्मसिंहवा चौराहे पर बृहस्पतिवार देर शाम बरगदवा वार्ड का सभासद पीआरवी कर्मियों से भिड़ गया और हंगामा करने लगा। सिपाहियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद सिपाहियों और हंगामा कर रहे सभासद के बीच हाथापाई हुई। सभासद नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में न शामिल होने के बाद नाराज था और चौराहे पर विरोध प्रदर्शन कर रहा था। इसी को रोकने के लिए हंगामा हुआ। इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा के बोर्ड की बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की गई थी। इस दौरान सभासद दो गुटों में बंटे थे। इसके बावजूद बहुमत के आधार पर नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। विरोधी गुट की अगुवाई कर रहे बरगदवा वार्ड के सभासद शशिकपूर राय को यह रास नहीं आया कि बैठक बहुमत से कैसे संपन्न हो गई। देर शाम उसने नगर पंचायत के मुख्य चौराहे धर्मसिंहवा पर खड़े होकर विरोध कर सभी को गाली देने लगा। यही नहीं आने जाने वालों को भी गाली दे रहे थाे इसी बीच डायल 112 की टीम उधर से गुजरी। चौराहे से गुजर रही पुलिस की गाड़ी को सभासद ने बीच रास्ते में रोक लिया।
पीआरवी कर्मी उसे हटाने लगे, लेकिन वह नहीं हटा और वाद विवाद करने लगा। सिपाहियों को भी उसने गाली देना शुरु कर दिया। इसके बाद सभासद और पीआरवी सिपाहियों के साथ हाथापाई शुरू हो गई। सिपाही विवाद से बचने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन सभासद विवाद बढ़ाने का प्रयास कर रहा था। फिलहाल तकरीबन 15 मिनट बाद यह विवाद समाप्त हुआ। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में सिपाहियों के द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जा रहा था।
सिपाहियों से छुड़ा ले गए सिपाही और उसके समर्थक
बताया जाता है कि इस दौरान जब हंगामा हो रहा था, तभी उसके परिजन व समर्थक आ गए। सिपाहियों की लापरवाही के चलते वह उसे छुड़ाकर लेकर चले गए। बताया जाता है कि घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है। समाचार लिखे जाने तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।
पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली है। किसी को भी कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
- पूनम मौर्या, थानाध्यक्ष, धर्मसिंहवा