संतकबीरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित होने वाले बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण बृहस्पतिवार को शुरू हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन मेंहदावल थाना परिसर में किया गया, जिसमें मेंहदावल, बेलहरकला और सांथा विकास खंडों के 30 नामित प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह और थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने किया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय और समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बहू-बेटी सम्मेलन महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने और हिंसा की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सम्मेलन के संचालन की प्रक्रिया, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर उनकी भूमिका तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रभावी संवाद, सही प्रश्न पूछने और समुदाय के साथ बेहतर संपर्क स्थापित करने के लिए भूमिका-अभिनय, केस स्टडी और समूह चर्चा कराई गई।