संतकबीरनगर। खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा तहसील में वृहद गोशाला बनाई जाएगी। इसके लिए डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने तहसीलदारों को जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे छुट्टा पशुुओं की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। वहीं मेंहदावल के बौधरा में हाईटेक नर्सरी बनाई जाएगी। इससे किसानों को कई तरह के पौधे मिलेंगे। दोनों परियोजनाओं पर कार्ययोजना बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही इसे शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने ही कार्य शुरू कराने की तैयारी है।
शहर से लेकर देहात तक छुट्टा पशुओं की भरमार है। इससे जहां शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच रहा है।
इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन ने जिले की तीनों तहसीलों में वृहद गोशाला बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए धनघटा, मेंहदावल व खलीलाबाद के तहसीलदारों को जमीन चिह्नित करने के लिए कहा गया है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही जमीन चिह्नित हो जाएगी। इसके बाद कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजा जाएगा। इसकी स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
इसके अलावा मेंहदावल के बौधरा में हाईटेक नर्सरी बनाने की भी योजना है। यहां पर विभिन्न प्रकार के पौधे और अन्य की नर्सरी लगाई जाएगी ताकि किसानों को आसानी से पौधे मिल सके।