संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर संविदाकर्मियों का सीएमओ कार्यालय पर बेमियादी धरना सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक आंदोलन चलता रहेगा। आशा और संगिनी भी मंगलवार को धरने में शामिल होंगी।
संविदा स्वास्थ्यकर्मी सुबह दस बजे सीएमओ कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अश्वनी यादव ने कहा कि सरकार संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। आश्वासन के बाद भी संविदाकर्मियों की मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। आशा कर्मचारी यूनियन की जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने कहा कि सरकार तानाशाही रवैया अपनाए है। आशा और संगिनी भी धरने में शामिल होंगी। इस दौरान आनंद मौर्या, राकेश यादव, दीनदयाल वर्मा, महेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. सलीम, सुनील कुमार, संजीव सिंह मौजूद रहे।