संतकबीरनगर। लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं को लेकर संविदा विद्युत कर्मियों का आक्रोश शनिवार को फूट पड़ा। संविदा विद्युत कर्मियों ने बगहिया विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया और विभागीय कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संविदा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस संबंध में संविदा विद्युत कर्मियों ने अधिशाषी अभियंता प्रथम को मांग पत्र सौंपा। संविदा विद्युत कर्मियों का आरोप है कि छह जुुलाई की देर शाम को संविदा कर्मचारी विजय नंदन शेडडाउन लेकर कार्य कर रहे थे। अभी वह सीढ़ी से उतरे ही थे कि बिना किसी सूचना पर लाइन चालू कर दी गई।
यह घोर लापरवाही है, इससे दुर्घटना हो सकती थी। विद्युत संविदा कर्मियों ने कहा कि ऐसा अक्सर हो ही हो रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय जेई से बात की गई तो उन्होंने बातों को अनसुना कर दिया। इसको लेकर संविदा विद्युत कर्मियों का आक्रोश भड़क गया और बगहिया उपकेंद्र पर प्रदर्शन करने लगे।
संविदा कर्मियों ने कहा कि पहले कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराया जाए, अन्यथा की स्थिति में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान विजय नंदन, विनोद मौर्या, बदरे आलम, सुल्तान अली, ज्ञानेश कुमार, श्रीकांत शुक्ला, अजय कुमार, अब्दुल हसन, हेमंत यादव, अनंतराम, अवधेश, फूलचंद्र, उमाशंकर उपाध्याय, परमात्मा प्रसाद, लालचंद्र यादव, मुकेश सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।