प्रयोगशाला सहायकों का आंदोलन जारी।
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
उत्तर प्रदेश प्रयोगशाला सहायक ग्राम्य एसोसिएशन के आह्वान पर चलाए जा रहे आंदोलन के क्रम मेें शनिवार को कार्य बहिष्कार के अंतिम दिन सीएमओ दफ्तर प्रयोगशाला सहायकों ने दो घंटे कार्य बहिष्कार किया, इसके बाद बैठक कर आगे के आंदोलन की रणनीति बनाई। इस दौरान प्रयोगशाला सहायकों ने कहा कि जब तक वेतन विसंगति दूर करने के साथ ही प्रोन्नति नहीं दी जाती है तब तक चरणबद्ध ढंग से आंदोलन चलता रहेगा।
प्रयोगशाला सहायक सुबह दस बजे सीएमओ दफ्तर पहुंचे और दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया। बहिष्कार के अपराह्न साढ़े तीन बजे बैठक हुई, जिसे संगठन के अध्यक्ष सतीश चंद्र त्रिपाठी और महामंत्री जगदीश पांडेय ने सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि 18 मई को लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में होने वाले धरना में बड़ी संख्या में प्रयोगशाला सहायक प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने कहा कि धरना के माध्यम से संवर्ग की अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की प्रयोगशालाओं को उपकरणों की आपूर्ति करने, अन्य संवर्गों की तरह प्रयोगशाला सहायक ग्राम्य के पदनाम से ग्राम्य शब्द हटाने आदि की भी मांग की जाएगी। बैठक में अयोध्या प्रसाद, अजय कुमार यादव, राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, अभिनंदन मणि गौतम, उदय प्रताप, सीताशरण गुप्ता, जगदीश पांडेय, दयाराम, मृत्युंजय कुमार गुप्ता, देवानंद, राम नगीना यादव, बीके मिश्रा, शशिकांत, टीपी वर्मा आदि लोग शामिल रहे।