- पिछली ठंड में डायलिसिस यूनिट के पास रैन बसेरा बनाने की मिली थी मंजूरी
संतकबीरनगर। पिछले साल ठंड के मौसम में डायलिसिस यूनिट के पास रैन बसेरा बनाने का प्रस्ताव पास हुआ। इसकी मंजूरी के बाद एक साल से निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। ठंड का मौसम शुरू हो गया, ऐसे में रैन बसेरा बनकर तैयार नहीं हो सका है। अगर यह जल्द पूरा नहीं हुआ तो इस बार भी ठंड में मरीजों के तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
जिला अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों के तीमारदारों को ठंड में रहने के लिए रैन बसेरा बनाने का प्रस्ताव हुआ था। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने 25 लाख रुपये जारी किए गए हैं। यहां काम कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की गति धीमी है। जिस गति से निर्माण कार्य हो रहा है, उससे यही लग रहा है कि ठंड में रैन बसेरा का निर्माण पूरा नहीं हो पाएगा। ऐसे में तीमारदारों को ठंड के मौसम में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
जिला अस्पताल में मिले रामजीत प्रसाद, छांगुर आदि ने कहा कि ठंड की शुरूआत हो चुकी है, लेकिन अभी तक रैन बसेरा का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में ठंड बढ़ने पर परेशानी खड़ी हो सकती है।
रैन बसेरा के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरा प्रयास है कि जल्द ही रैन बसेरा बनकर तैयार हो जाए।
- डॉ. रामानुज कन्नौजिया,
सीएमओ