सुकरौली। क्षेत्र के नारायनपुर में काफी दिनों से बदहाल सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस सीसी रोड का निर्माण पूरा हो जाने पर चार-पांच गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। इस माह के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कर सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
नरायनपुर गांव से हाटा की तरफ से जाने वाली गंडक नहर के पुल के पास करीब 200 मीटर सड़क काफी समय से बदहाल थी। बरसात के दिनों तो इस सड़क से आवागमन करीब-करीब बंद हो जाता था। क्षेत्र के लोग काफी समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। पीडब्ल्यूडी ने जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर करीब 20 लाख रुपये की लागत वाली इस सड़क का निर्माण शुरू करा दिया है। निर्माण पूरा होने पर क्षेत्र के लोगों के साथ ही हाटा बाजार में सब्जी समेत अन्य फसलों को बेचने में किसानों को आसानी होगी। पीडब्ल्यूडी के एई मुकेश वर्मा ने बताया कि निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। अप्रैल के अंत तक निर्माण पूरा हो जाएगा।