संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के पास पोस्टमार्टम हाउस के सामने क्रिटिकल केयर ब्लॉक (सीसीबी) बनाया जाना प्रस्तावित था। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस इसके निर्माण में देरी कर रही थी। एक सप्ताह पहले जिला अस्पताल के निरीक्षण पर आए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों से निर्माण में देरी पर जवाब-तलब किया। इस पर नाराजगी जताई। इसके बाद सीसीबी का निर्माण शुरू हो गया है। जमीन को समतल किया जा रहा है। इस पर 27 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह बहुमंजिला इमारत होगी। यहां गंभीर से गंभीर मरीजों का इलाज हो सकेगा। जिले में जिला अस्पताल व आठ सीएचसी हैं। ऐसे में गंभीर मरीज गोरखपुर या लखनऊ रेफर कर दिए जाते हैं। मरीजों को होने वाली असुविधा को देखते हुए प्रशासन ने शासन को सीसीबी के निर्माण का प्रस्ताव भेजा था। दिसंबर 2023 में इसे मंजूरी मिल गई।
इसके निर्माण के लिए सीएमओ ने जिला अस्पताल परिसर में जमीन चिह्नित कर ली थी लेकिन वह कम पड़ गई थी। इसकी वजह से मामला लटक गया। हालांकि इसका निर्माण जिला अस्पताल के आसपास ही होना था। इसकी वजह से जमीन उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। इधर सीएमओ ने तत्कालीन डीएम आलोक कुमार से मिलकर जमीन उपलब्ध कराने की मांग की थी ताकि सीसीबी को बनाया जा सके।
डीएम ने इसके लिए पोस्टमार्टम हाउस के पास जमीन एलाट कर दी थी। नौ माह से जमीन एलाट होने के बाद भी कार्य शुरू नहीं कराया गया। एक सप्ताह पहले डिप्टी सीएम जब जिला अस्पताल आए तो उन्होंने सीसीबी के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताई।
इससे संबंधित कार्यदायी संस्था से जवाब-तलब किया। अब कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। पहले चरण में जमीन को समतल किया जा रहा है।
चार मंजिला होगा भवन
27 करोड़ रुपये से बनने वाले चार मंजिला भवन में लिफ्ट की भी सुविधा होगी। करीब 35 कमरों का यह भवन होगा। इसमें सामान्य चिकित्सा, पीआईसीयू, गहन नर्सिंग देखभाल, हृदय गति, श्वास और रक्तचाप जैसी चीजों की निरंतर निगरानी की जाएगी। सीसीबी में काम करने वाले चिकित्सकों, नर्सों को बेहतर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बनने से गंभीर मरीज अब रेफर नहीं होंगे। चार मंजिला इस ब्लॉक में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही सभी प्रकार की मशीनें लगाई जाएंगी।
-
सीसीबी का निर्माण शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने को कहा गया है। जल्द से जल्द कार्य पूर्ण हो ताकि मरीजों को इसका लाभ भी मिल सके।
-डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ