- 48 सरकारी विभागों पर 5 करोड़ 37 लाख बिजली बिल बकाया
- जिला कारागार, पुलिस, चिकित्सा आदि विभागों में सर्वाधिक बकाया
- निगम को अपेक्षित राजस्व प्रतिपूर्ति में पैदा हो रहा समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में बिजली निगम की ओर से बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके जरिए मामूली बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। वहीं दूसरी 48 सरकारी विभागों पर मई माह तक पांच करोड़ 37 लाख रुपये का बकाया है। इससे अपेक्षित राजस्व पूर्ति में समस्या पैदा हो रही है। इसे देखते हुए बिजली निगम बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए पत्राचार कर रहा है।
जिले के मेंहदावल व खलीलाबाद डिवीजन के विभिन्न स्थानों पर बिजली निगम की तरफ से टीम गठित करके जांच अभियान चलाया जा रहा है। बकायेदार निगम के निशाने पर हैं और उनका कनेक्शन काट दिया जा रहा है। वहीं सरकारी विभागों पर निगम का भारी भरकम धनराशि बकाया चल रहा है। बावजूद इसके सरकारी विभागों का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जा रहा है। 48 सरकारी विभाग ऐसे हैं जिन पर करोड़ों रुपये बकाया है। निगम इन पर दबाव बनाने के लिए पत्राचार कर रहा है। इनमें सबसे अधिक बकाया जिला कारागार, पुलिस, चिकित्सा, न्याय, जिला प्रशासन, प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, दूर संचार, पंचायतीराज विभाग और नगरपालिका परिषद खलीलाबाद शामिल हैं। इन सभी विभागों पर बिजली निगम का दस लाख रुपये से लेकर एक करोड़ से भी ज्यादा का बकाया है।
कुछ विभाग ऐसे हैं जिनका बिजली बिल मुख्यालय से सीधे विभाग के खाते में स्थानांतरित हो जाता है। जिन विभागों का बिल नहीं जमा होगा, उन्हें नोटिस भेजकर बकाया वसूल किया जाएगा।
- रमेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम