संतकबीरनगर। महान सूफी संत कबीर की निर्वाण स्थली पर लगने वाले खिचड़ी मेले का स्वरुप समय के साथ बढ़ रहा है। तकरीबन एक महीने तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालु नर नारियों के साथ ही साथ बच्चे भी भाग ले रहे हैं। सीमावर्ती जनपदों के साथ ही साथ विभिन्न राज्यों के लोग भी इस मेले में शामिल हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को भारी संख्या में लोगों ने इस मेले में आकर मेले का आनन्द लेने के साथ ही संत कबीर को नमन भी किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में चलने वाला यह मेला आगे एक माह तक चलेगा। गोरखपुर की तरफ से आने वाली सड़क पर वाहनों का लंबा रेला लगा है, जिसमें सवार होकर श्रद्धालु इस मेले में पहुंच रहे हैं। कबीर निर्वाण स्थली की कबीर समाधि, कबीर मजार, कबीर गुफा और महादेव मंदिर में भक्ति का उल्लास छाया हुआ दिखाई पड़ा।
वहीं निर्वाण स्थली के सामने लगे मेले में झूलों पर बच्चे और बड़े ज्वाइंट ह्वील, ट्रेन, जिग जैग, गोलचक्कर, नाव का झूला, ट्रेन में झूलते दिख रहे हैं। बच्चों के लिए मेला क्षेत्र में झूले एक तरफ लगाए गए हैं। इन झूलों का आनन्द लेते बच्चों की टीम को देखा जा सकता है। मीना बाजार में महिलाओं की टीम तरह तरह के सामानों के साथ श्रृंगार के सामानों की खरीदारी करती दिखी, तो वहीं नाश्ता पानी के लिए बनाए गए स्टाल में परिवार के लोग एक साथ मेले में बनने वाली मिठाइयों का भी आनन्द लिया।
मेले में आए लोगों की सुरक्षा में लगी रही पुलिस
मेले में आए हुए लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस की टीम लगातार वहां पर गश्त करती रही। प्रदर्शनी परिसर में मेला थाना बनाया गया था। वहां से मेले में आने वाले लोगों की निगरानी लगातार की जा रही थी।