लोहरैया। शादी में मिठाई और भोजन बनाने की मजदूरी मांगने पर हलवाई के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
धनघटा थाना क्षेत्र के कटार मिश्र गांव निवासी अमर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह हलवाई का काम करते हैं। छह से सात मई तक वह आठ मजदूरों के साथ निरंजनपुर गांव निवासी अरुण कुमार पांडेय के घर शादी में मिठाई और भोजन बनाने गए थे।
दो दिन तक बरात के लिए मिठाई और भोजन तैयार कराया गया। आरोप है कि बरात विदा होने के बाद जब उन्होंने मजदूरी मांगी तो शाम को पैसा देने की बात कही गई। इसके बाद धनंजय उर्फ राहुल और महेश उर्फ छोटू ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट में उन्हें गंभीर चोटें आईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने जानमाल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। धनघटा पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।