पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित बैठक में एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा नए आरक्षियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के संबंध में पुलिस लाइंस सभागार में बैठक गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने आरक्षियों के लिए तीन माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भोजन, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, जिससे प्रशिक्षणरत आरक्षी अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें।
निर्देशित किया गया कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने अधीनस्थ थानों पर नवनियुक्त आरक्षियों के नियमित सम्मेलन आयोजित करें, प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही आरक्षियों को विभागीय नीतियों, आचार, कार्यप्रणाली एवं स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों से भली-भांति अवगत कराया जाए।