नवनियुक्त आरक्षियों की मार्गदर्शन बैठक में एएसपी ने दिए निर्देश
संतकबीरनगर। मेंहदावल, बखिरा व बेलहरकला थाने पर नए आरक्षियों के लिए रविवार को मार्गदर्शन बैठक हुई। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने विभाग की कार्यप्रणाली, कर्तव्यों एवं जनसेवा के मूल सिद्धांतों से उन्हें अवगत कराया।
नए आरक्षी, महिला आरक्षियों को थाना परिसर की संरचना, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेख संधारण प्रणाली, ड्यूटी संचालन व्यवस्था, कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया तथा विभागीय अनुशासन के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि पुलिसकर्मी का प्रथम दायित्व आमजन की सुरक्षा, सेवा एवं सहायता करना है।
निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आरक्षी जनता से विनम्र व्यवहार करे, फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुने तथा शिकायतों का निष्पक्ष, त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास स्थापित करना आधुनिक पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
नवागत आरक्षियों को ड्यूटी के दौरान समयपालन, अनुशासन, वर्दी की गरिमा बनाए रखने, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पालन करने तथा टीम भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह भी मौजूद रहे।