संतकबीरनगर। विकासखंड हैंसर बाजार के 14 ग्राम पंचायतों में पंचायत विभाग का कंप्यूटर समेत अन्य लाखों रुपये की कीमत का सामान अभी भी पड़ा हुआ है। जिसकी वापसी के लिए पंचायत विभाग के लोग तत्कालीन ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत अधिकारियों से मांग कर रहे हैं, लेकिन वह सामान की वापसी नहीं कर रहे हैं। अब एडीओ पंचायत ने उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर विधिक कार्रवाई के संबंध में दिशा निर्देश मांगा है।
जुलाई 2022 में विकास खंड हैंसर बाजार की ग्राम पंचायत बेलोरा, अहरा, हैंसर, सोनाडी, सोनडीहा, मलौली, मिठना सिठना, परसा कला, दुघरा कला, बंडा बाजार, गागरगाड, धनघटा, कुरमौल, ठकुराडाडी में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों के संचालन के लिए कंप्यूटर, आलमारी, कुर्सी, मेज पंचायत भवन में लगाए जाने के लिए सीसीटीवी आदि उपकरण खरीदे गए थे। पंचायत विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में इस मद में 60 से 65000 रुपये खर्च किए गए थे।
यह ग्राम पंचायतें जब नगर पंचायत में शामिल हुईं तो यहां के उपकरण भी खाली हो गए। उक्त उपकरणों की वापसी के लिए पंचायत विभाग कई माह से तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से मौखिक रूप से कह रहा है, लेकिन किसी भी ग्राम पंचायत से उपकरण की वापसी की शुरुआत नहीं हुई है। जानकारों का कहना है कि किसी भी ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में कंप्यूटर आदि उपकरण लगाए नहीं गए थे। प्रधान के घर से ही सभी कार्य संचालित होते थे। धन का भुगतान ब्लॉक से जाकर ब्लॉक कर्मी ही डोंगल लगाकर करते थे।
0000000000000000000000000000000000000
नगर पंचायत में शामिल ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर आदि सामान की वापसी के लिए तत्कालीन ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी से कहा जा रहा है, लेकिन वह ध्यान नहीं दे रहे हैं। इन सामानों की वापसी के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर दिशा निर्देश मांगा गया है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-गजानन पाल, एडीओ, पंचायत हैंसर बाजार