मेंहदावल। अपने विद्यालयों में सभी अधूरे काम निर्धारित समय के भीतर प्रधानाध्यापक पूरा करने में जुट जाएं, जिससे विद्यालयों के बारे में मांगी जा रही सूचनाओं से संबंधित कोई समस्या न हो।
सोमवार को यह बातें बीआरसी पर मासिक समीक्षा बैठक में बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कही। उन्होंने शिक्षकों, शिक्षामित्रों अनुदेशक, अनुचरों के फेमिली आईडी बनवाने, कंपोजिट ग्रांट खर्च करने का प्रमाणपत्र देने, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं से संतृप्त करने, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास संचालित कराने पर जोर, विद्यालयों का संचालन समय से करने और शैक्षिक गुणवत्ता के लिए प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए।
बैठक में नवीन नामांकित कराए गए हैं। सभी बच्चों का आधार प्रमाणीकरण, नवीन सत्र 2026-27 में स्कूल चलो अभियान, सत्र 2025-26 में कक्षा 5 व 8 उत्तीर्ण छात्रों का नामांकन अगली कक्षा में कराने तथा विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट किए जाने, दीक्षा एप का प्रयोग ब्लॉक स्तर पर सभी शिक्षकों द्वारा किए जाने, मिशन कर्मयोगी का प्रशिक्षण करने, छात्र उपस्थिति पंजिका, एमडीएम पंजिका के डिजिटाइजेशन के संबंध में, प्रशस्त-2 एप व नवीन नामांकन की समीक्षा की गई।
इसके अलावा आउट आफ स्कूल बच्चों का चिह्नांकन और नामांकन करने, समर्थ एप पर दिव्यांग बच्चों की उपस्थिति की स्थिति, निपुण संवाद के संबंध में जानकारी, आईसीटी लैब / स्मार्ट क्लास के उपयोग, बीईओ के द्वारा निरीक्षण एप पर चल रहे निरीक्षण बिंदुओं, उल्लास एप के माध्यम से निरक्षरों तथा वालंटियर के रजिस्ट्रेशन व छात्र उपस्थिति बढ़ाने व आरटीई के अंतर्गत छात्रों का नामांकन कराए जाने के संबंध में उपयोग समेत 19 बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि निर्देशों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं है। बैठक में एआरपी अनूप कुमार सिंह, प्रफुल्ल त्रिपाठी व निशांत त्रिपाठी, सरवरे आलम, सुरेश चंद्र, नृपेंद्र त्रिपाठी, वैभव शुक्ला, अब्दुल गनी खान, सीमा सिंह, प्रतिभा पांडेय, विंध्यवासिनी त्रिपाठी, लक्ष्मी देवी, नंद किशोर, जयहिंद साहनी समेत कई मौजूद रहे।