- सीडीओ की अध्यक्षता में तैयारियाें की हुई समीक्षा
-11 से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा दस्तक अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शनिवार को सीडीओ संत कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की बैठक हुई। जिसमें अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान का द्वितीय चरण चलाया जाएगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की समन्वयता के साथ संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम व दस्तक अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ ही वेक्टर वाॅर्न डिजीज सहित अन्य संचारी रोगों की स्थिति, बचाव, उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बताया कि दस्तक अभियान के तहत ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर एई, जेई, बुखार रोगियों को चिह्नित करेंगे एवं उनको तेज बुखार होने पर 102 या 108 एंबुलेंस द्वारा नजदीकी सीएचसी-पीएचसी पर भेजेंगे। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत घर-घर जाकर टीम दस्तक देगी।
सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वयता बनाकर अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए ग्रामीण स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। इस दौरान डीडीओ सुरेश चंद्र केसरवानी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।