महुली में होजरी का कपड़ा तैयार करता कारीगर।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर जिले के होजरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मुखलिसपुर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। चेन व कपड़ा कटिंग, ड्राइंग आदि की मशीनें लगाई जाएंगी। इससे होजरी कारोबारियों को एक ही जगह सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
जिले के एक जिला एक उत्पाद योजना में बर्तन उद्योग के साथ होजरी उद्योग को भी शामिल किया गया है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला कारागार के उद्धाटन के अवसर पर की थी। वर्तमान में मुखलिसपुर, नाथनगर, हरिहरपुर, महुली सहित विभिन्न क्षेत्रों में होजरी का कारोबार बड़े पैमाने पर हो रहा है। इस कारोबार को गति देने तथा कारोबारियों की समस्या को दूर करने के लिए मुखलिसपुर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किए जाने की तैयारी चल रही है।
कलस्टर योजना के तहत इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। इसके तहत नवीन प्लांट लगाया जाना है। कॉमन फैसिलिटी सेंटर के माध्यम से कारोबारियों को उद्योग के लिए बैंकों से ऋण आदि उपलब्ध कराने में भी सहूलियत मिलेगी।
वर्तमान में होजरी उद्योग से बड़ी संख्या में कारोबारी जुड़े हैं। मुखलिसपुर में 80 प्रतिशत लोग इस कारोबार से आजीविका चला रहे हैं। इसे गति देने के लिए मुखलिसपुर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किया जाना है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने पर नवीन प्लांट लगवाया जाएगा।
-राज कुमार शर्मा, उपायुक्त उद्योग