संतकबीरनगर। सीएमओ धमकी प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संगठनों के लोग बृहस्पतिवार को बैठक करेंगे। इसके बाद डीएम से मिलेंगे। कार्रवाई की मांग करेंगे उसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कार्य ठप करने की रणनीति तैयार करेंगे। सीएमओ को धमकी मिलने के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश है।
मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में एक जन प्रतिनिधि का खास बताते हुए तीन युवकों ने सीएमओ को धमकी दी थी। यह युवक आयुष भर्ती में अपने चहेतों की नियुक्ति कराना चाहते थे।
जब सीएमओ ने नियमानुसार कार्रवाई की बात कही तो एक युवक भड़क गया और सीएमओ को गाली देते हुए मारने की धमकी दी। वह सीएमओ की तरफ लपका लेकिन वहां मौजूद अपर सीएमओ स्तर के अधिकारियों ने बीच-बचाव किया।
इस घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश हो गया है। उसी दिन स्वास्थ्य कर्मी आंदोलन शुरू करने जा रहे थे, लेकिन सीएमओ ने इस पर मना कर दिया। जिससे स्वास्थ्य कर्मी निराश हो गए। इधर सीएमओ की शिकायत के बाद भी आरोपियों पर कार्रवाई न होने से स्वास्थ्य कर्मी नाराज है।
स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संगठनों ने बृहस्पतिवार को बैठक करने की बात कही है। बैठक में इस प्रकरण को लेकर चर्चा करेंगे और डीएम को ज्ञापन सौपेंगे। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो कार्य ठप कर आंदोलन करेंगे। हालांकि संगठन के पदाधिकारियों ने बैठक के बाद ही आगे की रणनीति बताने की बात कही है।