आर्यन हॉस्पिटल बघोली में जांच करने पहुंचे सीएमओ ।
संतकबीरनगर। एक व्यक्ति ने डीएम से आर्यन हाॅस्पिटल पर फर्जी ऑपरेशन करने और साढ़े चार लाख रुपये ठगने का आरोप लगाकर शिकायत की थी। डीएम ने इसकी जांच सीएमओ को सौंपी थी। सीएमओ ने सोमवार को छापा मारा तो अस्पताल बंद कर संचालक फरार हो गया। संचालक पर सीएमओ ने केस दर्ज कराने की बात कही। धमैचा गांव के रहने वाले हरिश्चंद्र ने 12 मार्च को डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि पत्नी रीना देवी को पेट दर्द की शिकायत थी। 10 फरवरी को बघौली स्थित आर्यन हाॅस्पिटल में ले गए। वहां डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि रीना देवी की बाएं किडनी में पथरी है। 16 फरवरी को ऑपरेशन किया गया। बाद में अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को पथरी दिखाते हुए दावा किया कि मरीज की किडनी से इसे निकाला गया है और इलाज के नाम पर परिजनों से कुल 4.50 लाख रुपये वसूले गए।
24 फरवरी को डिस्चार्ज होने के बाद रीना की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें सीने में झटके, तेज दर्द और हार्ट संबंधी दिक्कतें होने लगी। जब परिजनों ने दोबारा अस्पताल में संपर्क किया, तो हर बार नई दवाएं देकर उन्हें भेज दिया गया। जब हालत में सुधार नहीं हुआ, तो परिजनों ने दूसरी जगह जांच कराई। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि रीना देवी की किडनी में पहले की तरह ही पथरी मौजूद थी।
यानी, ऑपरेशन किया ही नहीं गया, केवल पेट चीरा गया और झूठे दावे किए गए। उन्होंने सीएमओ और डीएम को पत्र देकर अस्पताल पर कार्रवाई की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर सोमवार को सीएमओ ने टीम के साथ छापा मारा तो अस्पताल पर ताला लटक मिला।