बाहर से आने वालों को रोकने के लिए संपर्क मार्ग किया बंद
रोसया बाजार। कोरोना वायरस के फैले संक्रमण और लॉकडाउन के बाद लोग अपने घरों में दुबक गए है। वहीं बाहर से लौटने वालों को लेकर लोग आशंकित है। क्षेत्र के परसरह गांव के युवकों ने बाहर से आने वाले लोगों का रास्ता बांस-बल्ली लगा कर बंद कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जांच कराएं, तभी गांव के अंदर प्रवेश करें।
पौली चौकी क्षेत्र के परसहर गांव के कुछ युवकों ने कोरोना वायरस को रोकने के लिए गांव से मुख्य मार्ग को बंद कर दिया है। मार्ग पर बांस व कटीली झाड़ियां रख दिया है। जिससे लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। इसके पहले कुड़वा गांव के लोगों ने रास्ता बंद कर दिया था। चौकी इंचार्ज पौली चंदन कुमार ने बताया कि ऐसी सूचना फिलहाल नहीं है। यदि संपर्क मार्ग बंद कर दिया गया तो कत्तई उचित नहीं है। मौके की जांच कर रास्ता खुलवाएंगे। प्रशासन लोगों की मदद में वैसे ही तत्पर है। बाहर से आने वालों की जानकारी जुटाने के बाद स्वास्थ्य की टीम मौके पर जा रही है और लोगों का स्वास्थ्य जांच कर रही है। ऐसे लोगों को 14 दिनों तक घर में रहने की सलाह दी जा रही है। चौकी प्रभारी ने लोगों से अपील किया है कि लोग अपने घरों में रहे। किसी तरह की कोई दिक्कत है तो फोन करके प्रशासन से मदद हासिल करें।