मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने के लिए नई पहल शुरू की जाएगी। अब कक्षा-छह से आठ तक के विद्यार्थियों को प्रत्येक पाठ के दौरान कम से कम 10 मिनट डिजिटल माध्यम से पढ़ाया जाएगा।
बीईओ गरिमा यादव ने बताया इसके लिए वीडियो, ई-सामग्री, प्रश्नोत्तरी और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे बच्चों की विषयों में समझ और रुचि दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में 36 उच्च प्राथमिक और एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय समेत 37 विद्यालयों में करीब तीन हजार विद्यार्थियों को इस व्यवस्था से सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि चित्र, वीडियो व अन्य डिजिटल संसाधनों के माध्यम से पढ़ाई होने पर विद्यार्थियों के लिए जटिल विषयों को समझना आसान होगा तथा सीखने की गुणवत्ता में सुधार आएगा। नए शैक्षिक कैलेंडर तहत विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन का भी प्रावधान किया गया है। सभी विद्यार्थियों के नियमित मूल्यांकन, उपस्थिति बढ़ाने और सीखने के स्तर को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विद्यालयों में पुस्तकालय, खेल-कूद, स्वच्छता और अन्य सहगामी गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। डिजिटल संसाधनों के उपयोग से बच्चों की सीखने की क्षमता विकसित होगी और शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।