संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के परसा गांव में मस्जिद में नमाज के बाद बेईमानी का आरोप लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
इस मारपीट में छह लोग घायल हो गए। आरोपियों ने घर में रखी मोटरसाइकिल, बिजली का मीटर और पंखा में भी तोड़फोड़ की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि परसा गांव निवासी वसीउल्लाह ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि 13 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे गांव की मस्जिद में ईशा की नमाज हो रही थी। इस दौरान यूसुफ उर्फ मुन्ना और उसका बेटा भी मौजूद थे।
नमाज के बाद अन्य नमाजियों के सामने वसीउल्लाह ने यूसुफ उर्फ मुन्ना और उसके परिवार पर अपने पिता के खिलाफ बेईमानी का आरोप लगाने की बात उठाई। उसने आरोपों का आधार बताने या माफी मांगने को कहा।
इसी बात पर यूसुफ उर्फ मुन्ना और उसका बेटा गालियां देते हुए उसे मारने लगे। वहां मौजूद नमाजियों ने बीच-बचाव कराया। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद वह अपने घर चला गया। कुछ देर बाद यूसुफ उर्फ मुन्ना परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर लेकर उसके घर में घुस आए।
आरोपियों ने वसीउल्लाह के साथ ही रुबीना, मजीबुल्लाह, हबीबा, नाजिम और तैयबा की पिटाई कर दी। हमले में परिवार के छह लोग घायल हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने मोटरसाइकिल, बिजली का मीटर और पंखा भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित ने धनघटा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसओ ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।