वारदात में प्रयुक्त कार के साथ दो चोर गिरफ्तार
कार एक फरार आरोपी के पुलिसकर्मी पिता के नाम
प्लानिंग के तहत डेढ़ माह की रेकी के बाद आठ लोगों ने की थी कोशिश
छह संतकबीरनगर और दो चोर गोरखपुर के थे घटना में शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। एक सप्ताह पूर्व महुली क्षेत्र के नाथनगर की एसबीआई शाखा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश कर दिया। वारदात में घटना में शामिल दो चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के लिए प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई। हालांकि चोरी में शामिल छह चोर पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इसमें से चार संतकबीरनगर और दो गोरखपुर जिले के निवासी हैं। बरामद कार फरार चल रहे एक चोर के पुलिस कर्मी पिता के नाम से पंजीकृत है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ने बताया कि 31 दिसंबर की रात को महुली क्षेत्र के नाथनगर में स्थित एसबीआई की शाखा में सेंधमारी करके घुस गए थे। 112 नंबर की पुलिस टीम की गाड़ी उस ओर से गुजरने के कारण चोर चेस्ट नहीं काट पाए और सीसीटीवी का डीवीआर सिस्टम ही उखाड़ ले गए।
प्रबंधक प्रभात पांडेय की तहरीर पर एक जनवरी को महुली पुलिस ने अज्ञात चोरों पर केस दर्ज किया था। पर्दाफाश के लिए महुली, बेलहर कला थाने की पुलिस के साथ स्वाट व सर्विलांस टीम को लगाया गया था। मंगलवार को पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर महुली क्षेत्र के सकरैचा मोड़ के पास से घटना में शामिल दो चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद हुई। पकड़े गए चोरों की पहचान श्रीभागवत यादव पुत्र त्रिवेणी यादव निवासी भैंसाटीकर थाना धनघटा और दिनेश पुत्र रामपलट निवासी खाजो थाना धनघटा के रूप में हुई।
दोनोें ने बताया कि प्लानिंग के तहत डेढ़ माह से से रेकी की जा रही थी। इस घटना में कुल आठ लोग शामिल थे। जिसमें से छह संतकबीरनगर के और दो गोरखपुर के थे। घटना में प्रयुक्त बरामद कार गैंग के शामिल फरार साथी की है। कार उसके पुलिसकर्मी पिता के नाम से पंजीकृत है। महुली क्षेत्र निवासी दो चोर वारदात के मुख्य सूत्रधार थे।
वारदात को अंजाम देने के लिए गैस कटर, सिलेंडर, लाइटर, पिलास, सब्बल और छोटा गैंस सिलेंडर लेकर बैंक के अंदर घुसे थे। शौचालय के पास से सेंधमारी की गई थी। अलार्म सिस्टम का कनेक्शन पहले काट दिया गया था। बैंक के चेस्ट को काटने की कोशिश किए तो गैंस समाप्त हो गई। फिर कार से चार साथी महुली क्षेत्र के कालीजगदीशपुर गए। जहां पुरुषोत्तम प्रजापति के गैस वेल्डिंग की दुकान से चुरा कर दूसरा सिलेंडर लाए। चेस्ट काटने की कोशिश की जा रही थी कि उसी बीच पुलिस की गाड़ी सायरन बजाते हुए पहुंच गई। पकड़े जाने के डर से सीसीटीवी का डीवीआर उखाड़ कर साथ ले गए। सिलेंडर आदि सामान बैंक में ही छूट गया।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में घटना में शामिल बताए गए अन्य छह चोरों की तलाश में पुलिस टीम को लगा दिया गया है। पकड़े गए चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। घटना के पर्दाफाश में एसओ महुली प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी एसओ बेलहर धर्मेंद्र सिंह, स्वाट टीम प्रभारी दीपक दूबे,एसआई अमला यादव आदि पुलिस कर्मियों का योगदान रहा।