कई अहम सुराग मिले, दूसरे सिलिंडर के स्वामी के बारे में पता लगा रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। महुली क्षेत्र के नाथनगर कस्बे में एसबीआई शाखा में मंगलवार रात हुई चोरी के पर्दाफाश के लिए पुलिस टीम जुटी है। अब तक जांच में यह पता चला है कि एक सिलिंडर चोरी का था। दूसरे के बारे में जानकारी हासिल करने में पुलिस जुटी है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं।
चोरी की इस कोशिश में चोर बैंक के कैश तक नहीं पहुंच सके। पर, सीसीटीवी कैमरे के डीबीआर सिस्टम और मेन सीपीयू ले जाकर कर चोरों ने पुलिस को सकते में डाल दिया। बैंकिंग के जानकारों का दावा है कि बैंक के स्ट्रांग रूम का लॉकर बरामद गैस कटर काटना संभव ही नहीं। सवाल यह है कि आखिर डीबीआर सिस्टम उड़ा कर चोर किस रहस्य और सबूत को नष्ट करने की उनकी मंशा है।
कहीं बैंक की रेकी का राज डीवीआर में कैद तो नहीं था। जिसके चलते पुलिस का हूटर बजने के बाद चोर उसे साथ ले जाने का खतरा उठाने को तैयार हो गये। बैंक से बरामद दोनो बड़े सिलिंडरों में एक पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया चोरी का निकला। रिफिलिंग एजेंसी से जब पुलिस ने संपर्क साधा तो पता चला कि काली जगदीशपुर निवासी एक दुकानदार ने गैस उसी रात 12 बजे के आसपास उक्त नंबर के सिलिंडर के चोरी होने की एजेंसी को सूचना दी। पुलिस दुकानदार से भी पूछताछ में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार घटना में गैर जनपदीय गैंग की संभावित संलिप्तता को लेकर पुलिस उसके स्थानीय लिंक को भी टटोल रही है। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। घटना के सभी पहलू को परखा जा रहा है। जल्द ही पुलिस घटना का वर्क आउट करने में कामयाब होगी।