निर्देश के बाद भी नहीं परफारमेंस ग्रांट की रकम नहीं लौटाई
15 जनवरी तक व्यक्तिगत रूप से स्पष्टीकरण के साथ उपस्थित होने का निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र के पांच ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों ने परफॉरमेंस ग्रांट की रकम निर्देश के बाद भी अभी तक शासन को नहीं लौटाया है। डीपीआरओ की ओर से प्रधानों और सचिवों को नोटिस जारी कर 15 जनवरी तक व्यक्तिगत रूप से स्पष्टीकरण के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2016-17 में मनमाने तरीके से 283 ग्राम पंचायतों में मनमाने तरीके से परफॉरमेंस ग्रांट की 85 करोड़ की धनराशि बांट दी गई थी। विजिलेंस की टीम में ग्राम पंचायतें अपात्र पाई है। शासन की ओर से ग्राम पंचायतों को जारी धनराशि को वापस लौटाने का निर्देश है। अभी तक पांच ग्राम पंचायतों ने पूरी धनराशि नहीं लौटाई। जिसमें सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायपुर छपिया उर्फ ठोका की प्रधान सालेहा खातून और सचिव आनंद कुमार की ओर से अभी तक 3,53,969 रुपये नहीं लौटाए गए। उसी ब्लॉक क्षेत्र के निपनिया ग्राम पंचायत के प्रधान अबूबकर और सचिव राम प्यारे की ओर से भी 4,47,518 रुपये वापस नहीं किया गया है। भाटपार ग्राम पंचायत के प्रधान हरिशंकर और सचिव सुुनीता मिश्रा की ओर से भी 14,32,453 रुपये वापस नहीं किए गए है। इसी तरह ग्राम पंचायत बाघनगर की प्रधान इमराना खातून और सचिव राम प्यारे की ओर से 12,19,456 रुपये नहीं लौटाए गए है। इसी तरह बन्नी ग्राम पंचायत के प्रधान जुनैद और सचिव अश्वनी कुमार की ओर से भी 3,81,009 रुपये नहीं वापस किए गए हैं। सेमरियावां क्षेत्र के पांचों ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों की ओर से अभी तक रकम शासन को नहीं लौटाया जाना अनियमितता की श्रेणी में है। इन पांचों ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों को नोटिस जारी करके 15 जनवरी को व्यक्तिगत रूप में उपस्थित होकर जवाब देने को कहा गया है। यदि इनके जरिए रकम नहीं लौटाए गए तो रिकवरी कराए जाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।