सेमरियावां ब्लॉक अन्तर्गत बीएमसीटी मार्ग को जोड़ने वाला चोरहा-करमाखान मार्ग कई वर्षों से बदहाली का शिकार है। दस वर्ष से सड़क की मरम्मत न होने से जगह-जगह गिट्टियां उखड़ गई हैं। सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश में सड़क के गड्ढों में पानी व कीचड़ लगा रहता है। जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान मंत्री सड़क योजना के तहत लगभग 2.5 किमी लंबे चोरहा-करमाखान मार्ग का निर्माण कराया गया था। यह मार्ग करमाखान, चोरहा, ककरहवा, डड़वामाली, कानपारा आदि गांव वालों के लोगों के आवागमन के लिए मुख्य मार्ग है। गांव के लोग प्रतिदिन सेमरियावां कस्बा में अपने दैनिक जरूरतों के लिए आते जाते रहते हैं। ग्राम प्रधान सेराज अहमद, मोहम्मद हनीफ, मेराज अहमद खान ने बताया कि दस वर्ष से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। विभाग के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से भी सड़क की बदहाली के लिए गुहार लगाई गई। पर कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के निसार चौधरी, रिजवान खान, जलालुद्दीन, नसीम, अयूब, पूर्व बीडीसी याकूब, अनवार अहमद, जगलाल आदि ने बताया कि पीडब्ल्यूडी व जनप्रतिनिधियों की मरम्मत कार्य के प्रति उदासीनता के कारण सड़क बदहाल है। जल्द ही सड़क की मरम्मत नही कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा।