जिला अस्पताल में मरीज देखते चिकित्सक-संवाद
संतकबीरनगर। तल्ख मौसम और कभी नमी के बीच संक्रमण बढ़ रहा है। इसकी चपेट में बच्चे आ रहे है। बड़ी संख्या में बच्चे पेट के संक्रमण का शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल में पेट के संक्रमण के मरीजों की संख्या दो गुनी हो गई है। बाल रोग विशेषज्ञ ने अभिभावकों को बच्चों के प्रति सजग रहने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल में एक सप्ताह पहले संक्रमण से पीड़ित बाल रोगियों की संख्या कम थी। 20 से 30 मरीज ही आते थे, लेकिन अब यह संख्या 35 से 40 के करीब हो गई है। बाल रोग विशेषज्ञ के पास पहुंचने वाले बच्चों में अधिकतर बच्चे दस्त के साथ पेचिस की चपेट में आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि बारिश और तेज धूप में खाना और पानी दूषित होने का खतरा अधिक बढ़ जाता है।
इस कारण बच्चे पेट में संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों के अंदर संक्रमित वस्तुओं से लड़ने की क्षमता नहीं होती है। इसलिए वे जल्दी से संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। इसके साथ ही बारिश के मौसम में फल और खानपान जल्दी दूषित होता है। उन्होंने बताया कि अगर किसी बच्चे को दिक्कत आती है तो तत्काल चिकित्सक को दिखाना चाहिए, जिससे समय रहते इलाज होता है और बच्चा ठीक हो जाता है।