संतकबीरनगर। चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व को लेकर बाजार सज गए हैं। सड़क के किनारे दुकानें लगी हैं और पूजन के सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी है।
पर्व के मौके पर महंगाई की मार से हर वर्ग परेशान है। एक साल में छठ पूजा के सामानों की बढ़ी कीमतों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। शुक्रवार को बाजार में बड़ा डाला 150 से लेकर 300 रुपये में बिका तो एक घौंद केला 100 से 500 रुपये में बिका। छठ महापर्व को लेकर जिला मुख्यालय से कस्बाई बाजारों में लोगों की चहल-पहल बढ़ने लगी है।
खलीलाबाद, मेंहदावल, धनघटा, महुली, नाथनगर, काली जगदीशपुर, बखिरा, बौरव्यास, धर्मसिंहवा, लोहरौली आदि स्थानों पर पर्व को देखते हुए छठ बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। पूजा के दौरान प्रयोग में लाए जाने वाले मौसमी फलों की दुकानें भी सजी हुई हैं। लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। मौसमी फलों के साथ ही बेमौसम के फल भी बाजार में बिक रहे हैं। शुक्रवार को बाजार में फलों के साथ जमी हुई हल्दी, अदरक की प्रति गांठ 10 रुपये में बिक रही थी।
गोला बाजार में दुकानदार लोगों की सुविधा के अनुसार हल्दी, अदरक, पनियाला, शरीफा, सहजन, चीकू, सेब, केला, अंगूर, नारियल, पपीता, केला आदि सभी सामान मिलाकर 250 रुपये से लेकर 1500 रुपये का सेट बनाकर दे रहे थे।