धनघटा। क्षेत्र के कटार सोयम गांव निवासी दंपती ने वाराणसी में एक परिवार के लोगों को विश्वास में लेकर प्रलोभन देने के बाद लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। समय पर न्यायालय में उपस्थित न होने पर शनिवार को वाराणसी पुलिस ने आरोपी के घर पहुंच कर नोटिस चस्पा किया।
उपनिरीक्षक रामअजोर ने बताया कि कटार सोयम निवासी वाराणसी के सारनाथ में एक व्यक्ति से मिलकर उसे पहले विश्वास में लिया, उसके बाद प्रलोभन देकर लाखों रुपये ठग लिए। उसके बाद जब धोखे का शिकार हुए व्यक्ति को असलियत की जानकारी हुई तो वह स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। तभी से पुलिस कटार सोयम निवासी प्रवीण शुक्ला व उनकी पत्नी विनीता शुक्ला की तलाश कर रही है, लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
न्यायालय के आदेश पर सारनाथ पुलिस यहां पहुंचकर आरोपी के घर गई और डुग्गी मुनादी कराने के बाद आरोपी के घर नोटिस चस्पा किया। उपनिरीक्षक ने बताया कि नोटिस के बाद न्यायालय में हाजिर न होने पर आरोपी के घर की कुर्की की जाएगी।